यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आज से: अयोध्या के 12 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 30 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
अयोध्या, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 8 से 10 जून तक आयोजित होगी। इसके लिए जिले में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
डीआईजी सोमेन वर्मा ने बताया कि जिले में 30,500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक दिन परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 से दो व तीन से पांच बजे तक होगी। प्रत्येक दिन 10 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी तथा प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली, पेयजल, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की है।
बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन को लेकर आसपास के जिलों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया गया है। परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कॉपी करने या किसी भी अनुचित गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें, केवल आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और परीक्षा की शुचिता बनाए रखें।
